21 सितंबर: हिमाचल प्रदेश में उच्च शिक्षा को नई दिशा देने और निजी विश्वविद्यालयों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से 25 सितंबर को हिमाचल प्रदेश निजी शैक्षणिक संस्थान नियामक आयोग की ओर से सोलन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाषा, कला एवं संस्कृति सभागार सोलन में होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों के प्रमोटर्स, कुलपति, कुलसचिव, शिक्षक और विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इस दौरान उच्च शिक्षा के क्षेत्र में संस्थागत योगदान, भविष्य की प्राथमिकताओं और सहयोगात्मक कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की जाएगी। निजी विश्वविद्यालयों के प्रमोटर्स अपने संस्थानों की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा करेंगे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मुख्यमंत्री का विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों के साथ संवाद रहेगा। इस दौरान विद्यार्थी और शिक्षक अपने विचार एवं सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा की दिशा और सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री की नेतृत्व शैली और विजन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की जाएगी तथा विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों की ओर से प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
दोपहर बाद आयोजित पैनल चर्चा में प्रदेश के सभी निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल होंगे। चर्चा में निजी सहयोगात्मक प्रयासों, ज्ञान के आदान-प्रदान, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने तथा उच्च शिक्षा में उत्कृष्टता हासिल करने जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा।
आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह और ललित कुमार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और निजी विश्वविद्यालयों के साथ सहयोगात्मक कार्यप्रणाली को मजबूत करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस दौरान निजी विश्वविद्यालय अपने विभिन्न मसले मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे।