21 सितम्बर: शिमला में उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में मधुमक्खी पालकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को मधुमक्खी पालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया और उनके समाधान की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मधुमक्खी पालन ग्रामीण परिवारों की आय और स्वरोजगार का महत्वपूर्ण साधन है। इसके अलावा फसलों के परागण में भी मधुमक्खियों की अहम भूमिका रहती है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री मधु विकास योजना के माध्यम से मधुमक्खी पालन को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मधुमक्खी पालकों की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मधुमक्खी पालकों को किसी तरह का नुकसान न उठाना पड़े।