कालाअम्ब में बेकाबू ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत, हरियाणा में भी मचाया कहर

21 सितंबर: प्रदेश के प्रवेश द्वार कालाअम्ब में शनिवार रात तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार त्रिलोकपुर रोड पर ट्रक गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया और हिमाचल-हरियाणा सीमा पार करने के बाद भी ट्रक की रफ्तार नहीं रुकी। हरियाणा में भी ट्रक की चपेट में कई वाहनों और एक दुकान के आने की जानकारी सामने आई है। बाद में हरियाणा पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 9:15 बजे जे. अलाय कंपनी के गेट के सामने हुआ। मैन थाप्पल निवासी सतीश कुमार उस समय त्रिलोकपुर रोड पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान त्रिलोकपुर की ओर से आ रहा ट्रक नंबर एचआर58बी-0167 तेज रफ्तार में गलत दिशा से आया और कालाअम्ब से त्रिलोकपुर की ओर जा रही मोटरसाइकिल नंबर एचपी18सी-9363 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें चपेट में लेते हुए आगे निकल गया।

हादसे में ज्ञान सिंह (44) निवासी गांव सोलधा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा और सुरदीप कुमार (38) निवासी गांव सांडा डम्बर, डाकघर मोतीपुर अंचल, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार की मौत हो गई। पुलिस शिकायत में हादसे के लिए ट्रक चालक की तेज रफ्तार, लापरवाही, गफलत और गलत दिशा में वाहन चलाने को जिम्मेदार बताया गया है।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर हिमाचल-हरियाणा सीमा की ओर भाग गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक ने प्रवेश द्वार पर लगे बैरियर और बैरिकेड्स को तोड़ते हुए हरियाणा में प्रवेश किया। इसके बाद भी ट्रक की रफ्तार नहीं रुकी और एक दुकान को भी चपेट में लेने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दुकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। इसके बाद असगरपुर क्षेत्र में भी कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।

हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया। वहीं, कालाअम्ब पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। हिमाचल पुलिस हरियाणा पुलिस के संपर्क में है और हिमाचल से हरियाणा तक हुए पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों, ट्रक की गतिविधियों और हिमाचल से हरियाणा तक हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *