14 मई: हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कहीं धूप खिल रही है तो कहीं बादल और बारिश लोगों को परेशान कर रही हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में 16 मई तक बारिश, अंधड़ और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में तेज बारिश और अंधड़ को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। 14, 15 और 16 मई को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर गर्जन और बिजली चमकने के भी आसार हैं।
हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 18 और 19 मई से प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। मौसम साफ होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है और गर्मी का असर भी बढ़ना शुरू हो जाएगा।
प्रदेश में तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। लाहुल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में 3.1 और कुकुमसेरी में 5.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं शिमला में 15.6, धर्मशाला में 13.8, मनाली में 9.8, मंडी में 17.3, चंबा में 15.2 और ऊना में 20.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से पहाड़ी व संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा से बचने की अपील की है।