19 अगस्त: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी क्षेत्र की पंचायतों में बीपीएल सर्वे के तहत चिह्नित 715 परिवारों के सदस्यों के साथ विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रिडकमार में संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
विधायक ने कहा कि बीपीएल परिवारों के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें प्रदेश सरकार की ओर से इन परिवारों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे पात्र परिवारों को योजनाओं की जानकारी समय पर मिलेगी और वे उनका लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने वार्डों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बीपीएल परिवारों के हित में मुख्यमंत्री द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे, जिससे इन परिवारों को बेहतर जीवनयापन में सहायता मिलेगी।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा राहत में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। अब आपदा में पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान के मालिक को 7.50 लाख रुपये तथा घर के सामान के लिए एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि धारकंडी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं और उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि लोगों को घर के नजदीक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान विधायक ने बोह में हाल ही में आई आपदा के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।
एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम पूरे विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकांश पंचायतों के चिह्नित बीपीएल परिवारों से संवाद किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्रों को विधायक के माध्यम से प्रदेश सरकार तक भेजा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद सदस्य संदीप, पंचायत प्रतिनिधि ओमराज, निर्मल सिंह, अक्षय अत्री सहित अन्य लोगों ने भी अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर वन विभाग, स्वास्थ्य, जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग और बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, बीपीएल परिवारों के सदस्य और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।