शिकारी देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खाई में गिरी, दो युवकों की दर्दनाक मौत

14 मई: जिला मंडी के प्रसिद्ध शक्तिपीठ शिकारी देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे चार युवकों की कार हादसे का शिकार हो गई। बुधवार देर रात शिकारी माता सड़क मार्ग पर एक आल्टो कार (HP 87-2981) अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर जंजैहली पुलिस रात करीब एक बजे घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राम निवासी गांव भराड और चालक भूपेंद्र कुमार निवासी गांव जाजर, डाकघर देजी, तहसील थुनाग के रूप में हुई है। वहीं घायल युवकों में पूर्ण चंद निवासी गांव खुशाली और देवीदहड़ क्षेत्र का एक अन्य युवक शामिल है।

बताया जा रहा है कि सभी युवक शिकारी माता के दर्शन कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया है।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *