19 अगस्त, अभिषेक मिश्रा : समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की हिमाचल प्रदेश इकाई की ओर से भाषा एवं संस्कृति विभाग के तत्वावधान में 23 अगस्त 2026 को बिलासपुर में राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह का आयोजन चंगर सेक्टर स्थित भाषा एवं संस्कृति सभागार में होगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा।
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने बताया कि समारोह में बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कर्नल जसवंत सिंह चंदेल विशिष्ट अतिथि तथा जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
उन्होंने बताया कि समारोह का उद्देश्य राष्ट्र, समाज, भाषा और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना और समाज में सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करना है। संस्था सामाजिक सरोकारों के साथ भारतीय भाषा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षाविदों, साहित्यकारों, पत्रकारों और सामाजिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें डॉ. भरत सिंह, शिक्षाविद एवं राष्ट्रीय संरक्षक, डॉ. जितेंद्र बच्चन, वरिष्ठ पत्रकार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, डॉ. अभिजीत कुमार श्रीवास्तव, अध्यक्ष दिल्ली प्रदेश, डॉ. राम स्वरूप भटनागर, अध्यक्ष राजस्थान और डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव, अध्यक्ष बिहार प्रमुख रूप से शामिल हैं।
ललिता कश्यप ने कहा कि राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह के माध्यम से समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान देने के साथ युवा पीढ़ी को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाषा और संस्कृति समाज की पहचान होती है और इनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने बिलासपुरवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया। आयोजकों ने लोगों से समय पर पहुंचने और समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की है।