1 किलो 5 ग्राम चिट्टे मामले में 3 आरोपी कोर्ट में पेश, 7 मई तक पुलिस रिमांड

4 मई: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ नारकोटिक्स कांगड़ा की टीम द्वारा पकड़े गए तीन आरोपियों को रविवार को संतोषगढ़ पुलिस चौकी के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को 7 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

गौरतलब है कि एसटीएफ टीम ने संतोषगढ़-नंगड़ा सड़क पर नाका लगाकर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को 1 किलो 5 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ पकड़ा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वजीत सिंह (28) पुत्र संतोख सिंह निवासी अप्पर देहलां, गुरमुख सिंह (40) पुत्र नारायण दास निवासी बरनोह और रमन कुमार (41) पुत्र छजू राम निवासी समूर कलां के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेनू कुमारी के नेतृत्व में एंटी-चिट्टा टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर संतोषगढ़-नंगड़ा सड़क पर नाका लगाया गया। इस दौरान टाहलीवाल की ओर से आ रही एक गाड़ी को संदेह के आधार पर रोका गया।

तलाशी के दौरान वाहन से चिट्टे के 15 पैकेट बरामद हुए। सभी पैकेटों का कुल वजन 1 किलो 5 ग्राम पाया गया। टीम ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें संतोषगढ़ पुलिस चौकी के हवाले कर दिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *