4 मई : जिला सिरमौर पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) नाहन ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत पांवटा साहिब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार टीम को तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए मोहन लाल गादरी (45), पुत्र चतर्भुज गादरी, निवासी गांव नंदसाह/खालसा, तहसील शारदा, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 174 ग्राम अफीम बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी कुछ समय से पांवटा साहिब में रह रहा था और जसविंदर सिंह के मकान में किरायेदार के रूप में ठहरा हुआ था।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है, ताकि इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके।