1 अगस्त को चम्बा पहुंचेंगे सीएम सुक्खू, 200 बेड के अस्पताल का करेंगे उद्घाटन

1 अगस्त: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन समारोह में शामिल होने के लिए 1 अगस्त को चम्बा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कई विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी बड़ी सौगातें भी देंगे।

डीसी मुकेश रेप्सवाल के अनुसार मुख्यमंत्री 1 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे चम्बा पहुंचेंगे। पहले दिन उनका कोई सार्वजनिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं है और वह रात को परिधि गृह चम्बा में ठहरेंगे।

2 अगस्त को मुख्यमंत्री सुबह 10:50 बजे ऐतिहासिक चौगान में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद सुबह 11:55 बजे पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय सरोल के नए परिसर में नवनिर्मित 200 बिस्तरों की क्षमता वाले अस्पताल भवन का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों के साथ बैठक भी करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे चौगान में आयोजित पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगे। शाम 4:25 बजे वह अखंड चंडी महल पहुंचेंगे और मिंजर मेले के समापन अवसर पर निकलने वाली ऐतिहासिक शोभायात्रा में शामिल होंगे।

शोभायात्रा के साथ मुख्यमंत्री लोअर जुलाहकड़ी स्थित मंजरी गार्डन पहुंचेंगे, जहां रावी नदी के समीप पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मिंजर का विसर्जन किया जाएगा। इसके बाद वह परिधि गृह लौटकर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे।

रात 9:30 बजे मुख्यमंत्री चौगान में आयोजित मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे। इस दौरान वह मिंजर स्मारिका का विमोचन भी करेंगे। मुख्यमंत्री 3 अगस्त को सुबह 11 बजे चम्बा से वापस रवाना होंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा समेत अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *