1 अगस्त: घुमारवीं उपमंडल की ग्राम पंचायत दधोल के दधोल कलां गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा पेश आया। घर की छत पर लगी लोहे की रेलिंग में अचानक करंट आने से 25 वर्षीय युवक पंकज इसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पंकज शुक्रवार दोपहर किसी काम से घर की छत पर गया था। इसी दौरान छत की लोहे की रेलिंग में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। रेलिंग के संपर्क में आते ही उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और वह संतुलन खोकर छत से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत नजदीकी निजी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च स्वास्थ्य संस्थान के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे घुमारवीं के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
बताया जा रहा है कि पंकज अपने परिवार का इकलौता बेटा और सहारा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही दधोल कलां और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।