5 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश में नई स्वास्थ्य बीमा नीति लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से नई स्वास्थ्य बीमा नीति लाने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित नीति के तहत प्रदेश के करीब 10 लाख परिवारों को बेहद कम प्रीमियम पर 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस प्रकार की सुविधा प्रदान करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नई स्वास्थ्य बीमा नीति का प्रारूप इस उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है कि आर्थिक तंगी के कारण प्रदेश का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से वंचित न रहे। सरकार का लक्ष्य आम लोगों को उपचार के दौरान आने वाले आर्थिक बोझ से राहत प्रदान करना है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में चिकित्सा उपकरणों की खरीद एम्स, नई दिल्ली के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों के रेडियोलॉजी विभागों को भी और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।