5 अगस्त: राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने हमीरपुर शहर में संचालित दो नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान रिहेबिलिटेशन सेंटर और गुंजन संस्था के एकीकृत नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नरेश ठाकुर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री, सीआईडी इंचार्ज कपिल सडियाल और अन्य अधिकारियों के साथ दोनों केंद्रों में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं, रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही केंद्र संचालकों से वहां की दैनिक गतिविधियों और नशा मुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी ली।
उन्होंने कहा कि नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए केंद्रों में दाखिल लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाओं के साथ सकारात्मक और अनुकूल वातावरण मिलना जरूरी है। उन्होंने केंद्रों के दैनिक रूटीन में अधिक से अधिक रचनात्मक एवं उपयोगी गतिविधियों को शामिल करने पर जोर दिया, ताकि नशे से जूझ रहे लोग सकारात्मक माहौल में सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
नरेश ठाकुर ने बताया कि राज्य नशा निवारण बोर्ड की ओर से प्रदेशभर में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इन केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस रिपोर्ट के आधार पर नशा मुक्ति केंद्रों के संचालन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए बोर्ड की ओर से व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।