हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, पांच मेडिकल कॉलेजों में लगेंगी एमआरआई मशीनें

5 अगस्त: स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने बुधवार को सोलन में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है। सरकार ने पहली बार एक साथ पांच एमआरआई मशीनों की खरीद की है, जिन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज, सोलन, मंडी, ऊना और हमीरपुर में स्थापित किया जाएगा।

इन मशीनों के शुरू होने के बाद मरीजों को अपने नजदीकी क्षेत्रों में ही आधुनिक जांच की सुविधा मिल सकेगी। इससे गंभीर बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को बड़े अस्पतालों का रुख करने की जरूरत कम होगी और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में आईजीएमसी शिमला में पहली बार पैट स्कैन मशीन स्थापित की गई है। इस सुविधा से कैंसर समेत गंभीर बीमारियों की पहचान और जांच में काफी मदद मिलेगी। इसके अलावा प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा भी शुरू की गई है।

कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हिमाचल के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उनके नजदीक ही मिल सकेंगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *