ज्वालामुखी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका के 11 पदों पर भर्ती, 24 अगस्त तक करें आवेदन

5 अगस्त: बाल विकास परियोजना देहरा के उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक और सहायिका के 10 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन मांगे गए हैं।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का पद पंचायत कमलोटा के आंगनवाड़ी केंद्र लाहसन के लिए निर्धारित है। वहीं सहायिका के पद लुथान पंचायत के हार लुथान, कोपड़ा के ठेहड़ा, कथोग के बाहनी, घरना के ठम्बा, सलिहार के सलिहार, गाहलियां के भगोर-1, घलौड़ा के पजलेहड़, डोला खरियाणा के डोला, अलुहा के उमरी और अम्ब सलेतर पंचायत के अम्ब सलेतर आंगनवाड़ी केंद्र के लिए भरे जाएंगे।

आवेदन करने वाली महिला अभ्यर्थी संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे अथवा फीडर क्षेत्र की निवासी होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और वृत्त पर्यवेक्षक द्वारा जारी सर्वे प्रमाण पत्र मान्य होगा। अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र नायब तहसीलदार, तहसीलदार या कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी होना चाहिए।

पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। चयन प्रक्रिया के लिए कुल 25 अंक निर्धारित हैं, जिसमें शैक्षणिक योग्यता के 10, अनुभव के 3, दिव्यांगता के 2, आरक्षण के 2, विशेष परिस्थितियों के 3, सीमित परिवार के 2 और व्यक्तिगत साक्षात्कार के 3 अंक शामिल हैं।

इच्छुक महिलाएं शैक्षणिक योग्यता, आय, परिवार रजिस्टर, जाति, दिव्यांगता अथवा विशेष परिस्थिति तथा संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र से जुड़े प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ 24 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय देहरा, जिला कांगड़ा में आवेदन जमा कर सकती हैं।

अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय देहरा या संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता एवं वृत्त पर्यवेक्षक से संपर्क किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *