1 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। ई-मेल में 15 अगस्त के आसपास हिमाचल प्रदेश के कुछ स्कूलों और सेना से जुड़े स्थानों पर बम धमाके करने की धमकी दी गई है।
इसी बीच सोलन जिले में भी धमकी भरे ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। सबसे पहले नगर निगम सोलन कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए नगर निगम भवन को खाली करवाया और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इसके बाद कसौली के एसडीएम कार्यालय और डगशाई पब्लिक स्कूल को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलने की सूचना सामने आई। लगातार मिल रही धमकियों के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। ई-मेल भेजने वाले के स्रोत और उसकी पहचान का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये ई-मेल 29 जुलाई को भेजे गए थे।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी शिमला में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर रख रही हैं और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।