13 जून : हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए विंग की टीम ने कंडवाल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पंजाब के तीन लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25.65 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सीआईए विंग की टीम क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर चक्की पुल के समीप ज्योति होटल कंडवाल के पास विशेष निगरानी शुरू की गई। कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 25.65 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरजिन्दर कुमार निवासी अमृतसर, अजय कुमार आनंद निवासी अमृतसर ग्रामीण और अरविन्दर कौर निवासी जिला तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
उन्होंने बताया कि मामले के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।