लोअर दगोह बरालु मेले का समापन, आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने विजेताओं को किया सम्मानित

13 जून : जयसिंहपुर उपमंडल की बड़ पंचायत में आयोजित तीन दिवसीय बरालु मेला लोअर दगोह का समापन आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। समापन समारोह में मंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर दंगल प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर यादविंदर गोमा ने कहा कि मेले और पारंपरिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और लोक परंपराओं के संरक्षण के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं तथा स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देते हैं।

मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र बड़ (दगोह) के भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर बड़ पंचायत में छह माह के भीतर वर्षा शालिका के निर्माण का आश्वासन भी दिया।

इसके अलावा उन्होंने खेल मैदान के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, मेला कमेटी को 31 हजार रुपये तथा महाकाल युवा मंडल को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, खेल और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

समारोह के दौरान आयोजित दंगल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेला कमेटी प्रधान बलदेव खरवाल, उपप्रधान राजीव राणा, मेला कमेटी के सदस्य तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *