23 सितंबर: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में मंगलवार देर शाम छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच एक बार फिर झड़प हो गई। विश्वविद्यालय परिसर में किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले में बालूगंज थाना पुलिस ने दोनों छात्र संगठनों के कुल 7 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, इसका पता लगाया जा रहा है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि झड़प में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। इससे पहले भी बीते सप्ताह विश्वविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।