23 सितम्बर: राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा में अंडर-19 छात्र वर्ग की जिला स्तरीय मेजर गेम्स प्रतियोगिताओं का शुभारंभ विधायक मलेंद्र राजन ने किया। प्रतियोगिता में 45 विद्यालयों के 690 खिलाड़ी विभिन्न खेल मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की गई है। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस दौरान विधायक ने विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध शपथ भी दिलाई।
विधायक ने इंदौरा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को सीबीएसई का दर्जा मिलने को क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने अपनी विधायक निधि से 31 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिमाचली संस्कृति, परंपरा और सामाजिक संदेशों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, शिक्षकों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर एसडीएम सुरिंदर ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, विद्यालय के प्रधानाचार्य राम कृष्ण शर्मा सहित शिक्षक, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, खेल प्रशिक्षक, विद्यार्थी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।