शिमला के दिनेश भट्ट बने दिल्ली हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश, हिंदी में ली शपथ

23 सितम्बर: शिमला निवासी 57 वर्षीय दिनेश भट्ट को दिल्ली उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। 21 सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने हाईकोर्ट परिसर में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। खास बात यह रही कि न्यायमूर्ति भट्ट ने हिंदी भाषा में शपथ ग्रहण की। उनके साथ छह अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।

केंद्र सरकार ने राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद 19 सितंबर 2026 को उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी।

न्यायमूर्ति दिनेश भट्ट का दिल्ली की जिला न्यायपालिका में करीब 16 वर्षों का अनुभव रहा है। हाईकोर्ट में पदोन्नति से पहले वह राउज एवेन्यू कोर्ट में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-स्पेशल जज के पद पर सेवाएं दे रहे थे। वर्ष 2008 में उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया था, जिसके बाद उन्हें अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया। अपने न्यायिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *