हिमाचल पुलिस में 734 कांस्टेबल पदों पर भर्ती, 6 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन

10 जुलाई: हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 734 पदों पर भर्ती के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के माध्यम से 6 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद आवेदन लिंक स्वतः बंद हो जाएगा।

भर्ती अभियान के तहत पुलिस कांस्टेबल (पुरुष) के 491 और पुलिस कांस्टेबल (महिला) के 243 पद भरे जाएंगे। दोनों पदों के लिए पे-लेवल-3 के तहत 20,200 रुपये से 64,000 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित किया गया है।

आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार पुरुष और महिला दोनों वर्गों में सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), बीपीएल, होमगार्ड, पूर्व सैनिकों के आश्रित तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित (डब्ल्यूएफएफ) सहित विभिन्न श्रेणियों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

लोक सेवा आयोग की सचिव निवेदिता नेगी ने बताया कि केवल ऑनलाइन माध्यम से किए गए आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन सीधे निरस्त कर दिए जाएंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक जांचने की अपील की है, क्योंकि अंतिम रूप से आवेदन जमा होने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा।

आयोग ने साइबर कैफे या लोकमित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भी अंतिम सबमिशन से पहले आवेदन पत्र की पूरी जानकारी अच्छी तरह जांचने की सलाह दी है। भर्ती से संबंधित पात्रता, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा शुल्क और अन्य विस्तृत जानकारी आयोग द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञापन में उपलब्ध है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *