प्रूफ रीडर भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित, 28 जुलाई को होगा दस्तावेज सत्यापन

10 जुलाई: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने पोस्ट कोड-25005 प्रूफ रीडर (प्रशिक्षु) के दो पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इन पदों के लिए कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग परीक्षा 5 जून 2026 को आयोजित की गई थी। परिणाम आयोग द्वारा निर्धारित चयन मानदंडों के अनुसार तैयार किया गया है।

यह भर्ती नियंत्रक, मुद्रण एवं स्टेशनरी विभाग, हिमाचल प्रदेश, शिमला की ओर से प्राप्त मांग के आधार पर की जा रही है। भर्ती के लिए कुल 189 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई। हालांकि, परीक्षा में केवल 50 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 139 उम्मीदवार अनुपस्थित रहे।

स्क्रीनिंग परीक्षा के आधार पर कुल छह अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन 28 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर के कार्यालय में होगा।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्र, उनकी स्व-सत्यापित प्रतियों के दो सेट, एक वैध पहचान पत्र तथा डाउनलोड किए गए आवेदन पत्र की प्रति साथ लानी होगी। निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में आगे अवसर नहीं दिया जाएगा।

भर्ती परीक्षा का परिणाम और दस्तावेज सत्यापन से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *