28 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयोग आज दोपहर 3:40 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। इस घोषणा के साथ ही पूरे हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी।
आचार संहिता लागू होते ही सरकार किसी भी नई योजना, भर्ती, टेंडर, तबादले, प्रमोशन या उद्घाटन-शिलान्यास जैसे कार्य नहीं कर पाएगी। उल्लेखनीय है कि शहरी निकाय क्षेत्रों में पहले से आचार संहिता लागू है, अब ग्रामीण क्षेत्र भी इसके दायरे में आ जाएंगे।
प्रदेश की 3,758 पंचायतों में करीब 51 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन चुनावों में प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य सहित कुल 5 पदों के लिए चुनाव होंगे।
सूत्रों के अनुसार चुनाव तीन चरणों में करवाए जा सकते हैं, ताकि दुर्गम क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। पंचायत चुनाव पारंपरिक बैलेट पेपर से ही कराए जाएंगे, जबकि शहरी निकाय चुनावों में ईवीएम का इस्तेमाल होता है। चुनाव ड्यूटी के लिए 50 हजार से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 31 मई से पहले पंचायत चुनाव करवाने के निर्देश दिए हैं। पंचायतों का कार्यकाल 31 जनवरी को समाप्त हो चुका है और तब से वहां प्रशासक कार्य संभाल रहे हैं। चुनाव सम्पन्न होने के बाद ग्रामीण स्तर पर चुनी हुई पंचायतों की वापसी होगी।
चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार शुरू हो चुका है और घोषणा के बाद यह गतिविधियां और भी रफ्तार पकड़ेंगी।