28 अप्रैल: राजगढ़ (सिरमौर): हिमाचल पथ परिवहन निगम का राजगढ़ सब-डिपो लोगों के लिए सुविधा से ज्यादा परेशानी का कारण बनता जा रहा है। वर्ष 2019 में बड़ी उम्मीदों के साथ शुरू किया गया यह सब-डिपो आज भी लंबी दूरी की बस सेवाओं से वंचित है, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
करीब 7 साल बीत जाने के बावजूद यहां से दिल्ली, शिमला और हरिद्वार जैसे प्रमुख शहरों के लिए एक भी सीधी बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। वर्तमान में इस सब-डिपो से केवल 13 बसों के जरिए 22 लोकल रूट संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में यदि एक बस भी खराब हो जाती है, तो कई रूट प्रभावित हो जाते हैं, क्योंकि एक ही बस कई मार्गों पर चलती है।
स्थिति को और गंभीर बनाता है मैकेनिकल सपोर्ट का अभाव। बसों में खराबी आने पर लगभग 40 किलोमीटर दूर सोलन से मैकेनिक बुलाने पड़ते हैं, जिससे सेवाएं लंबे समय तक बाधित रहती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजगढ़ से हर दिन बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली, शिमला, हरिद्वार, आईजीएमसी शिमला और पीजीआई चंडीगढ़ के लिए सफर करते हैं, लेकिन सीधी बस सेवा न होने के कारण उन्हें कई बार बसें बदलनी पड़ती हैं और अतिरिक्त समय व खर्च उठाना पड़ता है।
लोगों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि राजगढ़ सब-डिपो से जल्द लंबी दूरी की बस सेवाएं शुरू की जाएं, ताकि इस सुविधा का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंच सके। अब देखना होगा कि सरकार इस लंबे समय से लंबित मांग पर कब तक अमल करती है।