7 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रदेश की विभिन्न सड़क परियोजनाओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान केंद्र सरकार ने नेशनल हाईवे-305 पर बंजार-औट सड़क के एक हिस्से की मरम्मत और डामरीकरण के लिए 25.11 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी दी।
बैठक में विक्रमादित्य सिंह ने प्रस्तावित जलोरी सुरंग के निर्माण के लिए 1,775 करोड़ रुपये की मंजूरी की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। इस पर नितिन गडकरी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
विक्रमादित्य सिंह ने NH-303 पर नगरोटा बगवां-रानीताल सड़क के निर्माण एवं सुधार कार्य के लिए 395 करोड़ रुपये की मांग भी रखी, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सैद्धांतिक सहमति जताई।
लोक निर्माण मंत्री ने वर्ष 2026-27 में सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) के तहत टिकर-जारोल-गहन-नानखड़ी-खमाडी और चैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारहट्टी सड़कों के उन्नयन के लिए 239.45 करोड़ रुपये मंजूर करने पर केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के सेब उत्पादक क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान सेतु बंधन योजना के तहत पुलों के निर्माण के लिए 3.46 करोड़ रुपये के आवंटन, CRIF और सेतु बंधन के तहत अतिरिक्त सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने तथा CRIF के तहत सड़क परियोजनाओं के लिए वार्षिक आवंटन बढ़ाकर 200 करोड़ रुपये करने की मांग भी रखी गई।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल प्रदेश को सड़क एवं आधारभूत ढांचे के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया है।