27 अगस्त: शिमला पुलिस ने वर्ष 2025 में हलवाई की दुकान से गल्ला चोरी कर उसमें रखी करीब पांच लाख रुपये की नकदी उड़ाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी योगराज को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना सदर शिमला की टीम ने वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, यह मामला ममता देवी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि 10 मई 2025 की रात नत्थू राम लच्छमनदास हलवाई की दुकान में चोरी हुई थी। आरोप है कि योगराज दुकान से गल्ला चोरी कर उसमें रखी करीब पांच लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पता चला कि योगराज को पुलिस थाना सुन्नी में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में 19 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया था। सुन्नी थाने में दर्ज अभियोग संख्या 68/2025, दिनांक 25 नवंबर 2025 में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज है।
इसके बाद सदर शिमला पुलिस ने वर्ष 2025 में दर्ज चोरी के मामले में भी योगराज को 26 अगस्त 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस की मांग पर उसे चार दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अब आरोपी से चोरी की वारदात को लेकर पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान चोरी की पूरी घटना, नकदी की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की रकम का क्या किया गया। मामले में आगामी जांच जारी है।