27 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-503ए पर गुजरेड़ा के पास दो स्कूटियों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक को श्रद्धालुओं की कार ने अपनी चपेट में ले लिया।
मृतक की पहचान रोहित कुमार (31), पुत्र केहर चंद, निवासी गांव डैहर, डाकघर थानाकलां, उपमंडल बंगाणा, जिला ऊना के रूप में हुई है। रोहित पीएनबी मेटलाइफ में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बंगाणा की ओर से आ रही स्कूटी (HP 78 A 0394) की विपरीत दिशा से आ रही दूसरी स्कूटी (HP 55 B 9846) से टक्कर हो गई। टक्कर के कारण एक स्कूटी सवार सड़क पर गिर गया। इसी दौरान बाबा बालक नाथ मंदिर में माथा टेककर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और युवक उसकी चपेट में आ गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल बड़सर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।