27 अगस्त: स्वास्थ्य विभाग करसोग की ओर से लोगों को घर-द्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से च्वासी क्षेत्र की ग्राम पंचायत सराहन में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 82 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर के दौरान 80 लोगों के एक्स-रे किए गए, जबकि 77 लोगों की बीपी और शुगर सहित अन्य आवश्यक जांच की गई। इसके अलावा 45 लोगों के एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफलिस के परीक्षण किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श देने के साथ-साथ दवाइयां भी वितरित कीं।
बीएमओ करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को उनके घर-द्वार के समीप स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगला आयुष्मान आरोग्य शिविर 29 अगस्त को तेबन में आयोजित किया जाएगा।
शिविर में डॉ. चरण दास, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक दया नंद, काउंसलर नंदा शर्मा, रेडियोग्राफर जय सिंह और रुचिका, स्थानीय सीएचओ तथा आशा कार्यकर्ताओं ने सेवाएं प्रदान कीं।