15 सितंबर: शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ग्राम पंचायत धारवा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला के लिए 14.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के प्रथम चरण के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। इस चरण में सड़क के सुदृढ़ीकरण पर 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सड़क के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी, जबकि स्कूल में अतिरिक्त कमरों के निर्माण से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रत्येक बच्चे तक समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है और प्रदेश के 150 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा उपलब्ध होगी।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है और विद्यालयों के शैक्षणिक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में अध्यापकों के 90 प्रतिशत पद भरे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं के मामलों में गंभीरता से कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि अब राज्य चयन आयोग के माध्यम से भर्ती परीक्षाएं पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य युवाओं को योग्यता और मेरिट के आधार पर समान अवसर उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विभिन्न परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़कों के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और पेयजल योजनाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन कार्यों के लिए करीब 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसके तहत अधिकांश परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इस दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने सामूहिक और व्यक्तिगत समस्याओं के साथ क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण से जुड़ी उचित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
हर्षवर्धन चौहान ने धारवा में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य रोहित धीमान द्वारा आयोजित समारोह में भी शिरकत की। इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, ओएसडी अत्तर राणा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता योगेश शर्मा, जल शक्ति विभाग शिलाई के अधिशाषी अभियंता पद्म प्रकाश, प्रधान धारवा रीना नेगी, एसएमसी अध्यक्ष संजू देवी, शिलाई जोन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, मस्त राम प्राशर, विद्यालय प्रभारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।