नशे के खिलाफ जंग में ऊना होगा एकजुट, मुख्यमंत्री सुक्खू युवाओं के साथ करेंगे वॉकाथॉन

15 सितम्बर:नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान के तहत 16 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में होने वाले इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। मुख्यमंत्री युवाओं से संवाद करेंगे और उनके साथ वॉकाथॉन में शामिल होकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई जाएगी।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे इंदिरा गांधी खेल मैदान में पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ दी पाइन्स’ की प्रस्तुति से होगी। करीब दो घंटे के सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से आईएसबीटी ऊना तक जाएगी और वापस खेल मैदान में संपन्न होगी।

वॉकाथॉन में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों, आईटीआई एवं कॉलेज विद्यार्थियों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों और आमजन की भी भागीदारी रहेगी। उपायुक्त जतिन लाल ने शैक्षणिक संस्थानों से विद्यार्थियों को अपने संस्थानों के बैनर के साथ शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने ऐसे तख्ते या लकड़ी के बैनर नहीं लाने की अपील की है, जिनसे किसी प्रतिभागी को चोट लगने की आशंका हो। विभिन्न स्थानों से आने वाली बसों पर भी एंटी-चिट्टा जागरूकता संबंधी बैनर लगाने का आग्रह किया गया है।

वॉकाथॉन के बाद मुख्यमंत्री सुबह 11.35 बजे रामपुर पुल का नींव पत्थर रखेंगे और बीडीओ कार्यालय ऊना का उद्घाटन करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 16 सितंबर को सुबह 8 बजे से ऊना में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। हमीरपुर से चंडीगढ़ वाया ऊना जाने वाले वाहनों को भोटा-घुमारवीं-कीरतपुर फोरलेन मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। बंगाणा से चंडीगढ़ जाने वाले वाहन थानाकलां-बीहड़ू-पीरनिगाह-बसोली-चताड़ा-रायपुर मैदान होते हुए भाखड़ा-नंगल रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। हमीरपुर से अम्ब या अम्ब से हमीरपुर जाने वाले वाहनों के लिए बडूही से वाया जोल-खुरवाई मार्ग निर्धारित किया गया है।

कांगड़ा से अम्ब होते हुए चंडीगढ़ जाने वाले वाहन झलेड़ा से घालूवाल, हरोली, टाहलीवाल, संतोषगढ़ होते हुए अजौली मोड़ मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। बद्दी से ऊना आने वाले वाहन मैहतपुर-बहडाला-जनकौर-रामपुर मार्ग से आएंगे, जबकि ऊना से बद्दी जाने वाले वाहन रामपुर-जनकौर-नंगड़ा-संतोषगढ़-अजौली मोड़ मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।

सामान्य बस सेवाओं के लिए चार अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। मैहतपुर की ओर से आने वाली बसों के लिए बहडाला, हरोली की ओर से आने वालों के लिए रामपुर हरोली पुल के समीप, अम्ब की ओर से आने वालों के लिए झलेड़ा और बंगाणा की ओर से आने वाली बसों के लिए ओल्ड बस स्टैंड पर स्टॉपेज रहेगा। इन स्थानों से ऊना मुख्यालय तक एचआरटीसी शटल बस की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

छोटे वाहनों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए पुराना बस अड्डा ऊना और गलुआ मार्ग एवं मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। डीसी चौक से रक्कड़ तक का मार्ग सुबह 8 बजे से सभी विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के सुरक्षित रूप से रवाना होने तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। रामपुर-डीसी चौक-झलेड़ा मार्ग पर वन-वे यातायात व्यवस्था रहेगी। आपातकालीन और आवश्यक सेवा वाहनों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।

वॉकाथॉन के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। आयोजन स्थल और वॉकाथॉन मार्ग पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए छह स्थानों पर पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और अन्य शौचालयों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तीन एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें तैनात रहेंगी। प्रतिभागियों को आने और वापसी के दौरान रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध करवाया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *