शिमला में हाई ब्लड प्रेशर से 7 माह की गर्भवती महिला की मौत, गर्भ में बच्चे ने भी तोड़ा दम

15 सितंबर:गर्भावस्था के दौरान बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर कितना गंभीर और जानलेवा हो सकता है, इसका एक दुखद मामला शिमला में सामने आया है। कोटखाई की रहने वाली सात माह की गर्भवती महिला की गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं के चलते इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में मौत हो गई। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को नहीं बचाया जा सका।

जानकारी के अनुसार रविवार को महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) लेकर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल बेहतर और आपातकालीन उपचार के लिए आईजीएमसी रेफर कर दिया।

आईजीएमसी पहुंचने पर महिला को तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया। वरिष्ठ चिकित्सकों की जांच में पता चला कि गर्भ में पल रहे सात माह के बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी। महिला की हालत भी बेहद गंभीर थी और उसे उच्च रक्तचाप समेत कई जटिलताओं का सामना करना पड़ रहा था। जांच के दौरान शरीर में रक्तस्राव और संक्रमण की गंभीर स्थिति भी सामने आई।

महिला की जान बचाने के लिए चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और सर्जरी की तैयारी की गई। डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और रविवार शाम उसने दम तोड़ दिया।

आईजीएमसी प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में उच्च रक्तचाप के कारण उत्पन्न गंभीर जटिलताएं मौत की प्रमुख वजह सामने आई हैं। हालांकि, मौत के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए मेडिकल टीम द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। इस दुखद घटना से मृतका के परिवार में शोक की लहर है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *