हरिद्वार में दर्दनाक सड़क हादसा: रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर में तीन की मौत, पांच घायल

29 जून : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना 4.2 फ्लाईओवर के पास उस समय हुई जब उत्तराखंड परिवहन निगम के टनकपुर डिपो की यात्री बस की विपरीत दिशा से आ रहे एक पिकअप वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में 18 वर्षीय अहान पुत्र शराफत निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद (बिजनौर), 35 वर्षीय फहीम पुत्र अमानत निवासी नजीबाबाद (बिजनौर) तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, पांच अन्य घायल अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *