3 अक्तूबर : भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना संजोए हिमाचल प्रदेश के युवाओं ने हमीरपुर के अणु सिंथैटिक ट्रैक पर शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया। भर्ती वर्ष 2027 के तहत 2 और 3 अक्तूबर को आयोजित सेना भर्ती रैली में कांगड़ा और चंबा जिले के युवाओं ने भाग लिया।
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने बताया कि अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी पद के लिए कुल 1182 उम्मीदवारों को बुलाया गया था। इनमें से 1113 उम्मीदवार शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए अणु सिंथैटिक ट्रैक पर पहुंचे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 798 उम्मीदवारों ने दौड़ सफलतापूर्वक पास की।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उम्मीदवारों को भर्ती की तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी पहले ही समाचार पत्रों, विभिन्न मीडिया माध्यमों और एडमिट कार्ड के माध्यम से उपलब्ध करवा दी गई थी। निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा नहीं करने वाले उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उम्मीदवारों का हौसला बढ़ाने के लिए सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के निदेशक कर्नल विशाल शाह ने एक्सीलेंट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्होंने सफल उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के आगामी चरण मेडिकल और लिखित परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रहने और आगामी चरणों के लिए पूरी तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।