21 सितंबर: नगर निगम हमीरपुर क्षेत्र में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सफाई अभियान लगातार जारी है। नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा के नेतृत्व में निगम के अधिकारी और कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य तथा स्वच्छता साथी शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई कर रहे हैं।
अभियान के दौरान कूड़े के हॉट स्पॉट्स को विशेष रूप से चिन्हित कर वहां सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के पास भी सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों और स्वच्छता साथियों ने जगह-जगह बिखरे कूड़े को उठाकर पूरे क्षेत्र की सफाई की।
सफाई अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और उनसे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने की अपील की गई। नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा ने हमीरपुर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।