11 जुलाई: सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र में शुक्रवार को बनोह-सरली मोड़ मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। यहां चलती कार पर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बड़े पत्थर आ गिरे। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार तीन महिलाओं, एक बच्चे और चालक समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सभी को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार भूमति के तनसेटा गांव से एक कार सरली मोड़ से बनोह खरड़हट्टी होते हुए कुनिहार की ओर जा रही थी। जैसे ही कार क्रशर से आगे चढ़ाई वाले हिस्से में पहुंची, तभी अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर कार पर गिरने लगे। कुछ पत्थर कार का अगला शीशा तोड़ते हुए अंदर जा घुस गए, जिससे कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई।
मलबा गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार में फंसे चालक मेहर चंद, तीन महिलाओं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया गया। स्थानीय निवासी अशोक चंदेल ने बताया कि घटना की सूचना कुनिहार पुलिस और लोक निर्माण विभाग को दे दी गई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से इस संवेदनशील मार्ग पर जल्द सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि तत्काल सुरक्षा कार्य संभव नहीं है तो बरसात के मौसम में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।