सोलन की 82 पंचायतों में आज मतदान, 1.08 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

30 मई:पंचायत चुनाव-2026 के तीसरे और अंतिम चरण के तहत शनिवार, 30 मई को सोलन जिले की 82 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 3 बजे तक चलेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि अंतिम चरण में जिले के छह विकास खंडों की 82 ग्राम पंचायतों में कुल 1,08,156 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 55,123 पुरुष और 53,033 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया के लिए जिलेभर में 490 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद वार्ड सदस्य, प्रधान और उपप्रधान पदों के लिए मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

विकास खंडवार आंकड़ों के अनुसार धर्मपुर की 8 पंचायतों में 10,801 मतदाता मतदान करेंगे, जबकि कंडाघाट की 8 पंचायतों में 7,386 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। कुनिहार की 19 पंचायतों में 24,116 मतदाता मतदान करेंगे, जबकि नालागढ़ की 26 पंचायतों में सबसे अधिक 38,596 मतदाता मतदान के पात्र हैं।

इसके अलावा पट्टा की 8 पंचायतों में 12,046 मतदाता और सोलन विकास खंड की 13 पंचायतों में 15,211 मतदाता मतदान करेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और अन्य आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने जिले के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *