15 सितम्बर:शिमला जिले के कुमारसैन उपमंडल के जबलपुर (जरोल) गांव में सेब तोड़ते समय पेड़ से गिरने से 62 वर्षीय जीवानंद की मौत हो गई। हादसा सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार जीवानंद अपने बेटे अजय के साथ बगीचे में सेब तुड़ान का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक टहनी टूट गई, जिससे वह जमीन पर गिर गए। हादसे के बाद परिजन उन्हें तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से कोटगढ़ अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। परिजनों ने मौत को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं जताया है। कुमारसैन अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।