3 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक कस्बे सुजानपुर में करीब 50 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद आधुनिक बस स्टैंड का सपना साकार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों के बाद इन दिनों नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। करीब 5.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस बस स्टैंड के बनने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ सुजानपुर से होकर गुजरने वाले यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
ऐतिहासिक किलों, मंदिरों, सैनिक स्कूल और हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े मैदान के लिए प्रसिद्ध सुजानपुर में कई दशकों से स्थायी बस स्टैंड की जरूरत महसूस की जा रही थी। यहां से हमीरपुर के अलावा कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर, धीरा, नगरोटा, पालमपुर और बैजनाथ तथा मंडी जिले के जोगिंद्रनगर और धर्मपुर क्षेत्रों के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय और अंतरराज्यीय बसों का संचालन होता है। इसके बावजूद बस स्टैंड के लिए उपयुक्त स्थान को लेकर सहमति नहीं बन पाई और लंबे समय तक अस्थायी बस स्टैंड से ही बसों की आवाजाही संचालित होती रही।
प्रदेश में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद सुजानपुर में बस स्टैंड निर्माण की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए। इसके बाद स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने स्थानीय निवासियों और व्यापारियों के साथ व्यापक चर्चा की। विचार-विमर्श के बाद डोली में बस स्टैंड बनाने पर सहमति बनी।
स्थान तय होने के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 12 मार्च 2025 को सुजानपुर के राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के शुभारंभ अवसर पर बस स्टैंड का शिलान्यास किया। अब इसका निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
करीब 5.45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह बस स्टैंड सुजानपुर की लंबे समय से चली आ रही परिवहन संबंधी जरूरत को पूरा करेगा। इसके तैयार होने के बाद यात्रियों और बस ऑपरेटरों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा कस्बे में बसों की आवाजाही को भी व्यवस्थित किया जा सकेगा। लंबे इंतजार के बाद सुजानपुर को आधुनिक बस स्टैंड मिलने से स्थानीय लोगों में भी उत्साह है।