3 सितंबर: जिला चंबा के सुंडला क्षेत्र के डनून में बैरा सियूल नदी किनारे बुधवार शाम एक पुराना और छिन्न-भिन्न कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही किहार पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल चंबा भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, डनून के पास एक व्यक्ति नदी किनारे गया था। इसी दौरान उसकी नजर नदी किनारे पड़े पुराने कंकाल पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना किहार को दी। थाना प्रभारी जगबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लिया।
पुलिस ने मौके पर ही कंकाल की पहचान करवाने का प्रयास किया, लेकिन काफी पुराना होने और गल-सड़ जाने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस अब पोस्टमार्टम के साथ डीएनए जांच करवाएगी।
कंकाल को क्षेत्रीय अस्पताल चंबा के शव गृह में तीन दिन तक पहचान के लिए रखा जाएगा। यदि इस दौरान कोई व्यक्ति वारिस के तौर पर पहुंचता है तो डीएनए जांच की रिपोर्ट से मिलान के बाद ही कंकाल उसे सौंपा जाएगा। वहीं, तीन दिन में कोई वारिस सामने नहीं आने पर पुलिस नियमानुसार अंतिम संस्कार करेगी।
कंकाल मिलने की सूचना फैलते ही क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सलूणी के एसडीपीओ रंजन शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के साथ डीएनए जांच भी करवाई जाएगी।