सुंदरनगर में लद्दाख के 24 किसानों को नगदी फसलों की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण, हरे मटर व एक्सोटिक सब्जियों की खेती और विपणन की दी जानकारी

1 अक्तूबर : कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर में ‘हिम्मोथान सोसाइटी’, लेह-लद्दाख के सौजन्य से लद्दाख से आए 24 किसानों के लिए नगदी फसलों के उत्पादन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों को हरे मटर और एक्सोटिक सब्जियों की खेती, उत्पादन व विपणन की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कृषक प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य डॉ. ओम प्रकाश बंसल ने किसानों का स्वागत करते हुए उन्हें आधुनिक एवं लाभकारी कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के अंत में उन्होंने किसानों से संवाद कर प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी और उनके अनुभवों की जानकारी ली।

उप प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश कुमार जंजीहा ने हरे मटर की खेती के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने भूमि की तैयारी, बिजाई, सिंचाई, कीट एवं रोग प्रबंधन, उत्पादन और विपणन से जुड़ी तकनीकों के बारे में बताया तथा किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने एक्सोटिक एवं विदेशी सब्जियों की खेती की जानकारी देते हुए भूमि की तैयारी से लेकर बिजाई, सिंचाई, कीट एवं रोग प्रबंधन, उत्पादन और विपणन तक की तकनीकों के बारे में बताया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत डॉ. नरेश कुमार और डॉ. सुधीर कुमार के मार्गदर्शन में किसानों को सुंदरनगर के आसपास के प्रगतिशील किसानों के खेतों का भ्रमण भी करवाया गया। इस दौरान प्रगतिशील किसानों ने खेती में अपनाई जा रही नवीन तकनीकों और अपने अनुभव साझा किए। इससे लद्दाख से आए किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *