करसोग तहसील में 9 माह में निपटाए गए राजस्व संबंधी 1570 मामले, छह माह से अधिक लंबित मामलों के निपटारे के निर्देश

1 अक्तूबर : उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में बुधवार को करसोग में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में करसोग तहसील, उपतहसील पांगणा और बगस्याड के विभिन्न पटवार सर्कलों में चल रहे राजस्व कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष बीते नौ माह के दौरान करसोग तहसील में राजस्व संबंधी विभिन्न प्रकार के करीब 1570 मामलों का निपटारा किया गया है। इनमें इंतकाल के 1273, तकसीम के 85, निशानदेही के 110, दुरुस्ती के 65 और अन्य 37 मामले शामिल हैं।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अधिकारियों को छह माह से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि करसोग तहसील में राजस्व संबंधी कार्यों का दबाव अधिक है। ऐसे में आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लंबित मामलों की नियमित समीक्षा और प्रभावी कार्ययोजना के तहत कार्रवाई जरूरी है।

उपायुक्त ने कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व कार्यों का समय पर निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है। लोगों को राजस्व सेवाएं सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का आह्वान किया।

बैठक में जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा, एसडीएम करसोग अलीशा चौहान, तहसीलदार पृथी चंद सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *