सुंदरनगर में बड़ा बस हादसा, 16 यात्री घायल; तीन की हालत गंभीर

7 जुलाई: मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के भवाणा में सोमवार दोपहर बिलासपुर-मंडी मार्ग पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे के समय बस में चालक और परिचालक सहित 16 लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर से सुंदरनगर आ रही बस भवाणा पुल के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में आशा देवी, चिंता देवी और देवकु देवी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों और प्रशासन से उपचार व राहत कार्यों की जानकारी ली। वहीं, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने भी बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।

घायलों की पहचान आशा देवी (40), कांतो देवी (60), मनभरू देवी (65), जया (53), बबिता यादव (22), चिंता देवी (53), देवकु देवी (70), रोडी देवी (75), रचना देवी (40), रक्षा देवी (35), सुरेंद्रा (53), मुस्कान (27), रेखा देवी (43), माया देवी (60), चमलाल (40) तथा बस परिचालक हमेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *