6 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पर पहाड़ी से अचानक भारी चट्टान आ गिरी। दुर्घटना में कार सवार अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा भरमौर उपमंडल के ढकोग-बणी मार्ग पर हुआ। कार में पांच लोग सवार थे, जो धर्मशाला के नड्डी क्षेत्र से बणी माता मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। सोमवार को मंदिर में माथा टेकने के बाद सभी वापस धर्मशाला लौट रहे थे। इसी दौरान ढकोग-बणी मार्ग पर पहाड़ी से अचानक एक विशाल चट्टान कार पर आ गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 14 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक बच्ची के परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।