14 अगस्त: जिला मंडी पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 216 ग्राम चरस और 5.53 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों मामलों में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पहले मामले में सुंदरनगर पुलिस ने वीरवार सुबह पुंघ फोरलेन पर नाका लगाया था। इस दौरान कुल्लू की ओर से आ रही हरियाणा नंबर की एक कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 216 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर कार सवार अंकित शिवाच (30) निवासी रोहतक, पूजा राठी (26) और रवीना राठी (24) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
दूसरे मामले में सुंदरनगर थाना पुलिस ने नगर परिषद क्षेत्र के सलाबकोट में दबिश देकर एक युवक और युवती को 5.53 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सचिन ठाकुर (28) निवासी हटवाड़, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर और ईशा कमल (22) निवासी बल्द्वाड़ा, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों मामलों में नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।