14 अगस्त , बबलू गोस्वामी : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी एवं देहरा विधायक कमलेश ठाकुर ने नादौन विधानसभा क्षेत्र की सनाही पंचायत के तेलकड़ में ग्रामीणों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने सनाही के हार मसंदा से जोलसप्पड़ के सोहरी के लिए पुल स्वीकृत करने, शमशान घाट के लिए राशि उपलब्ध करवाने और महिला मंडल को 50 हजार रुपये देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कमलेश ठाकुर का आभार जताया।
कमलेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। नादौन विधानसभा क्षेत्र में भी लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। क्षेत्र के लोग विकास कार्यों से संबंधित अपनी समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रख सकते हैं।
कमलेश ठाकुर ने बताया कि सनाही पंचायत और जोलसप्पड़ के बीच बनने वाले पुल के लिए मुख्यमंत्री ने 26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसकी 15 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी की जा चुकी है। पुल के निर्माण से सनाही सहित आसपास की पंचायतों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
जनसंवाद कार्यक्रम में सनाही बूथ प्रभारी विकास शर्मा, प्रधान सरिता देवी, उपप्रधान सुभाष शर्मा, वार्ड पंच विजय शर्मा, पूर्व उपप्रधान भगवान दास, सुरेश कुमार, हरबंस लाल, संतोष कुमार, जेपी कालिया, बनारसी दास, कविता कुमारी, विनोद कुमार सहित तेलकड़ के बूथ प्रभारी देवी सिंह, शशि ठाकुर, जीवन कुमार, अनिल, सुनीता राजपूत, अर्चना, सुनीता देवी, रफीक मोहम्मद सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।