21 सितंबर: सीवरेज बिछाने के कार्य के चलते रैहन-कदाना सड़क पर वाहनों की आवाजाही 6 अक्टूबर तक अस्थायी रूप से बंद रहेगी। एसडीएम फतेहपुर के अनुरोध पर जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।
लोगों की सुविधा के लिए सड़क बंद रहने की अवधि में देहरी-कदाना सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति विभाग, फतेहपुर को कार्यस्थल पर उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, संबंधित पुलिस अधिकारियों को सड़क बंद रहने के दौरान यातायात को नियंत्रित करने और आवश्यकता के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्ग पर मोड़ने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।