रोहड़ू के धमवाड़ी में पब्बर नदी में गिरने से बुजुर्ग की मौत, चैनलाइजेशन की उठी मांग

21 सितंबर: रोहड़ू के धमवाड़ी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पब्बर नदी में गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान बालपुर के रूप में हुई है। उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। बताया गया कि वह लोक निर्माण विभाग में कार्यरत रह चुके थे।

जानकारी के अनुसार, सुबह के समय धमवाड़ी के पास अचानक वह पब्बर नदी में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दी। घटना के बाद परिवार और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पब्बर नदी के चैनलाइजेशन की मांग को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया है। लोगों का कहना है कि नदी के चैनलाइजेशन के लिए करीब 100 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया था, लेकिन लंबे समय बाद भी परियोजना धरातल पर शुरू नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आए दिन पब्बर नदी में हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से परियोजना को जल्द शुरू कर नदी को चैनलाइज करने की मांग की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *