लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करें अधिकारी : मलेंद्र राजन

21 सितंबर: राजकीय महाविद्यालय इंदौरा के कॉन्फ्रेंस हॉल में उपमंडल स्तरीय योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं, कार्यक्रमों और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में विधायक मलेंद्र राजन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से उनके विभागों से संबंधित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से लंबित कार्यों की स्थिति, उन्हें पूरा करने में आ रही समस्याओं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

मलेंद्र राजन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों और जनहित से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने की प्रवृत्ति समाप्त होनी चाहिए और प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि स्वीकृत योजनाओं का लाभ निर्धारित समय में आम जनता तक पहुंचे।

उन्होंने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्य में भूमि, बजट, तकनीकी स्वीकृति, विभागीय अनुमति या अन्य किसी स्तर पर समस्या आ रही है तो संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में देरी का सीधा असर लोगों पर पड़ता है, इसलिए अधिकारी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।

बैठक में 20-सूत्रीय कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति से समिति को अवगत करवाया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

मलेंद्र राजन ने कहा कि विकास योजनाओं की समीक्षा केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ धरातल पर लोगों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को अपने विभागों में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसडीएम इंदौरा सुरिंदर ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, बीडीओ सुदर्शन सिंह, डीएफओ संदीप कोहली, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग देविंदर सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग विनय मेहरा, खाद्य निरीक्षक अजय कौंडल, सहकारी समितियां निरीक्षक होनित शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी अनन्या धीमान, चिकित्सा अधिकारी अंजली शर्मा, रेंज अधिकारी अब्दुल हमीद तथा सीडीपीओ इंदौरा सुनीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समिति के सभी सदस्य और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *