18 सितंबर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्वास्थ्य विभाग में सीनियर लैब टेक्नीशियन के 25 पदों को पोस्ट कोड-26012 के तहत ट्रेनी आधार पर भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव राम प्रसाद ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 477 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 418 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी। परीक्षा में उत्तीर्ण 66 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का शेड्यूल अलग से जारी किया जाएगा और इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी के माध्यम से दी जाएगी। उम्मीदवारों को इसके लिए अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान चयनित उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, सेल्फ-अटेस्टेड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और आईडी प्रूफ सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवार को बाद में कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा।